चंडीगढ़, 16 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके पास से चार हथगोले बरामद किए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर व मोहाली के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठों और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के संयुक्त अभियान में दो विदेशी पिस्तौल और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।
यादव ने एक पोस्ट में बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी विदेशी आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहा था और चंडीगढ़ में हाल ही में हुए ग्रेनेड हमले में शामिल आतंकी मॉड्यूल से उसके संबंध हैं।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि अमृतसर के ‘पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल’ में प्राथमिकी दर्ज की गई है और इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना