पंजाब: पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े छह लोग गिरफ्तार, हथियार और 3.5 किलोग्राम हेरोइन जब्त

Ads

पंजाब: पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े छह लोग गिरफ्तार, हथियार और 3.5 किलोग्राम हेरोइन जब्त

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 10:29 PM IST

चंडीगढ़, 15 मार्च (भाषा) सीमा पार से हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का कथित तौर पर हिस्सा होने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के संबंध पाकिस्तानी तस्करों से थे।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने अमृतसर में एक मामले में छह अत्याधुनिक पिस्तौल और 60 कारतूस बरामद किए जबकि दूसरे मामले में 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान करण सिंह (26), गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोपी (22), राकेश उर्फ ​​केशू (26) और चमकोर सिंह उर्फ ​​चमकोर (23) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि ये चारों तरनतारन के खेमकरण के रहने वाले हैं जबकि गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों की पहचान अमृतसर के नाग कलां निवासी मखंदीन उर्फ ​​मक्खन (22) और अमृतसर के मुल्लेचक गांव के रहने वाले जसबीर सिंह उर्फ ​​बीरा उर्फ ​​रघु (19) के रूप में हुई है।

बरामद हथियारों में तुर्किये निर्मित तीन पिस्तौल, दो .30 बोर पिस्तौल और नौ एमएम की एक पिस्तौल के साथ 60 कारतूस शामिल थे।

अधिकारी ने बताया कि खास बात यह है कि तुर्किये निर्मित पिस्तौल बाजार में आई एकदम नए तरीके की पिस्तौल है और इनकी बरामदगी दुर्लभ है।

यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि गिरफ्तार व्यक्तियों के संबंध पाकिस्तानी तस्करों से हैं, जो ड्रोन का उपयोग कर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में मदद कर रहे थे।

पुलिस ने इसी तरह के एक अन्य मामले में राकेश और चमकोर सिंह नाम के लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 800 ग्राम अतिरिक्त मादक पदार्थ बरामद किया गया।

यादव ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाया और जसबीर सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 2.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल