पंजाब: वडिंग ने वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की

Ads

पंजाब: वडिंग ने वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 10:30 PM IST

चंडीगढ़, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर कर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित जी5 डॉक्यूमेंट्री-सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ के प्रसारण पर रोक लगाये जाने का अनुरोध किया।

वडिंग ने अपनी याचिका में कहा कि उन्होंने समाज के व्यापक जनहित में, विशेष रूप से पंजाब में मौजूद सामाजिक-आपराधिक माहौल को ध्यान में रखते हुए याचिका दायर की है।

उन्होंने कहा कि याचिका में सार्वजनिक व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव और डिजिटल सामग्री के प्रसार से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं।

जनहित याचिका में उल्लेख किया गया है कि विवादित वेब सीरीज, जैसा कि इसकी प्रचार सामग्री और विवरण से स्पष्ट है, एक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन और गतिविधियों पर आधारित है।

याचिका में कहा गया है कि इस तरह की सामग्री से आपराधिक तत्वों को बढ़ावा मिलने और आपराधिक कानून के निवारक प्रभाव के कमजोर होने की आशंका है।

याचिका में उचित निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है, जिसमें विवादित वेब सीरीज की रिलीज पर रोक लगाना या वैकल्पिक रूप से, आपत्तिजनक सामग्री में संशोधन/हटाने के निर्देश देना और आपराधिक गतिविधियों के महिमा मंडन को रोकने और संवैधानिक तथा वैधानिक आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ओटीटी मंचों के लिए सख्त नियामक दिशा-निर्देश तैयार करना शामिल है।

वडिंग ने मंगलवार को डॉक्यू-सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी और आरोप लगाया कि यह गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देगी।

‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ 27 अप्रैल को जी5 पर रिलीज होगी।

निर्माताओं के अनुसार, यह शो “संस्कृति, व्यवस्था और दृश्यता के नजरिए से एक आपराधिक पहचान की यात्रा को दर्शाता है” और बिश्नोई को छात्र राजनीति, संगीत, विचारधारा और मीडिया प्रभाव के परिप्रेक्ष्य में एक अध्ययन के रूप में प्रस्तुत करता है।

बिश्नोई (33) वर्तमान में गुजरात की जेल में बंद है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वह गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों में से एक है।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव