दिल्ली में अरुणाचल की तीन महिलाओं के साथ ‘नस्ली दुर्व्यवहार’ शर्मनाक, सख्त कार्रवाई हो : खांडू

Ads

दिल्ली में अरुणाचल की तीन महिलाओं के साथ ‘नस्ली दुर्व्यवहार’ शर्मनाक, सख्त कार्रवाई हो : खांडू

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 03:57 PM IST

ईटानगर, 24 फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में राज्य की तीन महिलाओं के साथ हुए कथित नस्ली दुर्व्यवहार की ‘‘शर्मनाक घटना’’ की निंदा की और कहा कि उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं का दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में उनके किराए के अपार्टमेंट में मरम्मत कार्य को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने तीनों महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर नस्ली टिप्पणी की और धमकाया।

खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की हमारी तीन युवा बहनों के साथ हुई नस्ली दुर्व्यवहार की शर्मनाक घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। ऐसा व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य है और हमारे समाज में इसकी कोई जगह नहीं है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कल इस मामले की जानकारी मिलते ही मैंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से बात की और उनसे त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त व्यक्तिगत रूप से मेरे संपर्क में हैं। आरोपी फिलहाल फरार हैं और मुझे आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।’’

अरुणाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग (एपीएससीडब्ल्यू) ने भी इस घटना की निंदा करते हुए इसे ‘‘संवैधानिक मूल्यों का घोर उल्लंघन’’ बताया।

एक बयान में आयोग ने कहा, ‘‘इस तरह के कृत्य पूर्वोत्तर भारत की महिलाओं के लिए समानता, गरिमा और सम्मान के संवैधानिक मूल्यों का घोर उल्लंघन हैं।’’

वहीं, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि यह घटना ‘‘चौंकाने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी घटनाएं हमें हमेशा गरिमा और आपसी सम्मान बनाए रखने के महत्व की याद दिलाते हैं। पूर्वोत्तर हमारे राष्ट्र का अभिन्न अंग है, और प्रत्येक नागरिक गरिमा, समानता और सम्मान का हकदार है।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप