पंजाब के मुद्दों पर संसद में आवाज न उठाने के आरोपों पर राघव चड्ढा का पलटवार

Ads

पंजाब के मुद्दों पर संसद में आवाज न उठाने के आरोपों पर राघव चड्ढा का पलटवार

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 12:51 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 12:51 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दे न उठाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने रविवार को एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह इस राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर बोलते दिखते हैं।

वीडियो में चड्ढा को भूजल स्तर में गिरावट, शहीद-ए-आजम भगत सिंह से जुड़े विषयों और पंजाब-केंद्रित अन्य चिंताओं को उठाते हुए देखा जा सकता है।

चड्ढा ने ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर हो रही आलोचना का जवाब दिया और पंजाब के साथ अपने जुड़ाव पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप में मेरे उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए वीडियो जारी करने पर मजबूर किया गया कि ‘राघव चड्ढा ने संसद में पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए’, यह एक छोटा-सा ट्रेलर है, ‘पिक्चर अभी बाकी है।’’

चड्ढा कहा कि पंजाब उनके लिए सिर्फ एक चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि उनका घर, उनका कर्तव्य और उनकी आत्मा है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने चड्ढा पर आरोप लगाया है कि वह संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने से बचते हैं और इसके बजाय ‘‘अपने प्रचार-प्रसार’’ में लगे रहते हैं। हालांकि, चड्ढा ने इन आरोपों को ‘‘झूठ’’ बताते हुए खारिज किया और कहा कि वह संसद में जनता के मुद्दे उठाने के लिए जाते हैं, न कि हंगामा करने के लिए।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल