राहुल गांधी ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर सरकार की आलोचना की

Ads

राहुल गांधी ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर सरकार की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 05:37 PM IST

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि यह एक ‘चुनावी विधेयक’ है और अगली ‘मार’ पेट्रोल और डीजल पर पड़ेगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि उन्होंने चेताया था कि चुनाव के बाद महंगाई की मार पड़ेगी।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर हिंदी में लिखे अपने पोस्ट में कहा, ‘आज वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कीमत में 993 रुपये की वृद्धि हुई है। एक दिन में हुई यह सबसे बड़ी वृद्धि है। यह चुनावी विधेयक है।’

उन्होंने कहा, ‘फरवरी से अब तक 1,380 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, यानी सिर्फ तीन महीनों में 81 फीसदी की वृद्धि। चाय की दुकानें, ढाबे, होटल, बेकरी, मिठाई की दुकानें… हर रसोई पर बोझ बढ़ गया है। और इसका असर निश्चित रूप से आपकी थाली पर पड़ेगा।’

उन्होंने कहा कि पहली मार गैस पर पड़ी; अगली मार पेट्रोल और डीजल पर होगी।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी केवल चुनाव के दौरान आम लोगों की परेशानियों की परवाह करने का दिखावा करती है, जिसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पार्टी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा, “जैसे ही चुनाव समाप्त हुए, नरेन्द्र मोदी सरकार ने बिना विलंब किए एलपीजी सिलेंडरों की कीमतें बढ़ा दीं।”

उन्होंने कहा, “वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमत में लगभग 1000 रुपये की भारी बढ़ोतरी से करोड़ों भारतीय प्रभावित होंगे, जो छोटे ढाबों और होटलों से मिलने वाले खाने पर निर्भर हैं। इसी तरह, लाखों छोटे खाद्य व्यवसायों को भी इस बढ़ोतरी का बोझ उठाना पड़ेगा।”

वेणुगोपाल ने कहा कि आम लोगों की पीड़ा के प्रति भाजपा का ध्यान सिर्फ चुनावी हथकंडों तक सीमित है, जिसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है।

उन्होंने कहा, “ईरान युद्ध शुरू होने के बाद तीन महीनों के दौरान सरकार को आम लोगों पर वित्तीय बोझ डालने के बजाय उन्हें कीमतों में वृद्धि के झटके से बचाने के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए थी।”

राहुल गांधी ने मंगलवार को आगाह किया था कि 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की जाएगी।

उन्होंने कथित तौर पर वैश्विक कच्चे तेल की कम कीमतों से मुनाफा कमाने को लेकर सरकार पर हमला किया था और कहा था कि अब कीमतें बढ़ने से जनता पर बोझ पड़ेगा।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर हिंदी में लिखे पोस्ट में कहा, ‘चुनाव के बाद राहत खत्म, महंगाई की गर्मी अब दस्तक देने वाली है! 29 अप्रैल के बाद सावधान हो जाइए – पेट्रोल, डीजल, सब कुछ महंगा हो जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘जब कच्चा तेल सस्ता था, मोदी सरकार ने मुनाफा कमाया। अब जब यह महंगा हो गया है, तो इसका बोझ आप पर पड़ेगा।’

शुक्रवार को 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में रिकॉर्ड 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई। लगातार तीसरे महीने यह वृद्धि हुई है। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया के संघर्ष के बाद वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल के कारण हुई है।

अब दिल्ली में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 3,071.5 रुपये का हो गया है, जो पहले 2,078.50 रुपये था। इससे पहले एक अप्रैल को कीमत में 195.50 रुपये और एक मार्च को 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। तीनों मिलाकर 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है।

हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू सिलेंडर की कीमत सात मार्च को आखिरी बार 60 रुपये बढ़ाई गई थी और वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा