गुवाहाटी, 13 जुलाई (भाषा) रायजोर दल के विधायकों ने दो मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को असम विधानसभा से बहिर्गमन किया।
पार्टी विधायक अखिल गोगोई और महबूब मुख्तार प्रश्नकाल के दौरान खड़े हुए और हिरासत में लिए गए दोनों मानवाधिकार कार्यकर्ताओं प्रणब डोले और आदित्य राभा की रिहाई की मांग की।
गोगोई और मुख्तार ने काले कपड़े पहन रखे थे। गोगोई ने एक तख्ती थाम रखी थी, जिस पर असमिया भाषा में ‘आदित्य राभा, प्रणब डोले को रिहा करो’ लिखा हुआ था।
जब विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने दोनों विधायकों से अपनी-अपनी सीट पर बैठने को कहा, तो वे विरोध में सदन से बाहर चले गए।
मूल निवासियों के अधिकारों और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पंच-सितारा होटलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे डोले को गुवाहाटी पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया।
वहीं, जमीन के अधिकारों के लिए जारी आंदोलन से जुड़े राभा को एक सहकारी लघु बचत बैंक में कथित वित्तीय अनियमितताओं के सिलसिले में पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत