कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह से बीते 24 घंटे के भीतर मध्यम बारिश दर्ज की गई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में शनिवार को बादलों की गरज के साथ वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
राज्य में शनिवार को ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार शपथ लेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे के भीतर साल्ट लेक में सबसे अधिक 23.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद दमदम में 17.7 मिमी बारिश हुई।
इनके अलावा बेलुरघाट में 17 मिमी, मगरा में 15 मिमी, बशीरहाट में 14.4 मिमी और मालदा में 14.2 मिमी बारिश हुई।
आईएमडी ने कोलकाता समेत पूरे पश्चिम बंगाल में शनिवार को बिजली चमकने और बादलों की गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसी दिन ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्रियों तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजक) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में 13 मई तक बारिश और गरज के साथ पानी बरसने के आसार हैं।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा