राजस्थान: एबीवीपी ने छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

Ads

राजस्थान: एबीवीपी ने छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 02:14 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 02:14 PM IST

जयपुर, छह अगस्त (भाषा) राजस्थान में विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव करवाए जाने की मांग के जोर पकड़ने के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां राजस्थान विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर स्थित विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के द्वार पर चढ़ने की कोशिश की लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया। इस दौरान संगठन के कुछ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पुलिस अपने वाहनों में डालकर वहां से ले गई।

एबीवीपी के विश्वविद्यालय राष्ट्रीय संयोजक भारत भूषण यादव ने कहा कि राज्य सरकार को छात्र संघ चुनाव को बहाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई साल से छात्र संघ चुनाव नहीं हो रहे हैं जिन्हें करवाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेगा।

राजस्थान में छात्र संघ चुनाव करवाए जाने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है। संगठन से जुड़े तीन कार्यकर्ता पिछले हफ्ते यहां दो दिन तक पानी की टंकी पर चढ़े रहे हालांकि कांग्रेस नेताओं के मनाने पर वे नीचे उतर आए।

उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में भी बृहस्पतिवार को छात्रों ने छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि