राजस्थान: वार्ड पार्षद के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को महज एक मत मिला

Ads

राजस्थान: वार्ड पार्षद के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को महज एक मत मिला

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 03:41 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 03:41 PM IST

जयपुर, 14 सितंबर (भाषा) राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार को सोमवार को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब उन्हें एक ही वोट मिला। प्रत्याशी को मिला वोट भी उनका खुद का नहीं है।

यह वाकया डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड संख्या-13 में सामने आया। इस वार्ड से भाजपा के उम्मीदवार कैलाशचंद को सिर्फ एक मत मिला।

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार हिना खानम ने 376 वोट लेकर चुनाव जीता। इस वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले।

कैलाशचंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह वार्ड संख्या- 12 के मतदाता हैं लेकिन पार्टी ने उन्हें नजदीकी वार्ड संख्या-13 से उम्मीदवार बनाया था।

उन्होंने कहा, ‘मुझे एक मत मिला। मेरा मत वार्ड संख्या- 12 में है। मुझे वार्ड संख्या-13 से उम्मीदवार बनाया गया था। उस वार्ड के किसी एक व्यक्ति ने मुझे वोट दिया है।’

परबतसर नगरपालिका में 25 वार्ड हैं। कांग्रेस ने 13 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया जबकि 12 वार्ड में भाजपा के उम्मीदवार जीते।

राज्य में 309 नगर निकायों के लिए संपन्न चुनाव के लिए सोमवार को मतगणना हुई। इस दौरान इस वार्ड के चुनाव परिणाम लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।

भाषा पृथ्वी

धीरज

धीरज