चंडीगढ़, एक जुलाई (भाषा) पंजाब पुलिस ने अमृतसर में सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बुधवार को उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यह जानकारी दी।
यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात अत्याधुनिक पिस्तौल और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीजीपी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और वे आपराधिक तत्वों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए उनसे सीमा पार से खेप प्राप्त करते थे।
यादव ने बताया कि इस संबंध में अमृतसर के सुल्तानविंड पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल