राजस्थान सरकार ने अस्पतालों में उपचार प्रोटोकॉल के सख्त पालन के दिए निर्देश

Ads

राजस्थान सरकार ने अस्पतालों में उपचार प्रोटोकॉल के सख्त पालन के दिए निर्देश

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 08:58 PM IST

जयपुर, नौ मई (भाषा) राजस्थान सरकार ने राज्य के सभी अस्पतालों में उपचार संबंधी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का यह कदम कोटा के एक सरकारी अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत और कई अन्य महिलाओं के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना के बाद उठाया गया है।

आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्देश जारी किए।

निर्देशों के तहत राज्य के सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में उपचार प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रवक्ता ने बताया कि ड्यूटी के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों सहित समूचे स्टाफ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ सेवा नियमों के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में राठौड़ ने कहा कि कोटा में प्रसूताओं की मौत और अन्य महिलाओं के बीमार होने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित संस्थान प्रभारी और यूनिट प्रमुख को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

बयान के अनुसार, राठौड़ ने सभी अस्पताल प्रभारियों को आपातकालीन इकाइयों, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों में नियमित रूप से स्टरलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संक्रमण फैलने की आशंका न रहे।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत