राजस्थान: जयपुर में नाबार्ड की राष्ट्रीय प्रदर्शनी 21 दिसंबर से शुरू होगी
राजस्थान: जयपुर में नाबार्ड की राष्ट्रीय प्रदर्शनी 21 दिसंबर से शुरू होगी
जयपुर, 18 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से जवाहर कला केन्द्र में 21 से 26 दिसंबर तक ‘पधारो म्हारे शिल्पग्राम’ राष्ट्रीय प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के हस्तशिल्पी और दस्तकार अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।
नाबार्ड राजस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. राजीव सिवाच ने एक बयान में बताया कि देशभर के हस्तशिल्पियों और दस्तकारों के उत्पाद आमजन तक पहुंचाने व स्थानीय कलाओं को बढ़ावा देने के लिए नाबार्ड यह पहल कर रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन 21 दिसंबर को सुबह 11 बजे रंगायन में किया जाएगा, जिसमें राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, असम, गुजरात, केरल समेत 19 राज्यों के लगभग 150 दस्तकार हिस्सा लेंगे।
प्रदर्शनी में रोजमर्रा की वस्तुएं, कपड़े, हस्तशिल्प और खाद्य पदार्थ व अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जिसमें असम के सीतलपति उत्पाद, गुजरात के काठियावाड़ी बीड वर्क, हरियाणा की हस्तनिर्मित दरी, कर्नाटक की हथकरघा साड़ियां, महाराष्ट्र की शुद्ध टसर सिल्क साड़ी, बाड़मेर के एप्लिक वर्क उत्पाद, राजस्थानी जूती आदि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों की विशेषता को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार की ओर से भौगोलिक संकेत (जीआई टैग) प्रदान किया जाता है। नाबार्ड की प्रदर्शनी में जीआई टैग पैवेलियन बनाया जाएगा। इसमें 19 जीआई टैग उत्पाद खरीद सकेंगे। इन उत्पादों के उद्गम की जानकारी भी साझा की जाएगी।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


