राजस्थान : पुलिस ने कैदी की हत्या के तीन आरोपियों को पकड़ा
राजस्थान : पुलिस ने कैदी की हत्या के तीन आरोपियों को पकड़ा
जयपुर, 13 अगस्त (भाषा) पुलिस ने जयपुर में खुली जेल के एक कैदी की हत्या के आरोप में तीन लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पुरानी रंजिश के चलते यह हत्या करवाई गई।
जयपुर के करणी विहार में धावास रोड पर बुधवार शाम खुली जेल के कैदी गंगासहाय कुमावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंगासहाय को महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में जेल हुई थी और वह सांगानेर खुली जेल में सजा काट रहा था।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि कल की घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच व संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों को पकड़ा गया। इनसे पूछताछ में सामने आया कि महेंद्र गुर्जर का बेटा आयुष अपने दोस्त सोनू रजक व अमित राणा को गंगासहाय की हत्या की सुपारी देकर खुद नेपाल चला गया।
बुधवार को सोनू रजक व अमित राणा ने गंगासहाय की रेकी कर हत्या की और मौके से फरार हो गये। आरोपी कन्हैया गुर्जर द्वारा आरोपियों को हथियार उपलब्ध करवाए गए।
पुलिस ने सोनू, अमित व कन्हैया को पकड़ लिया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आयुष ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए गंगासहाय की हत्या करवाई है।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक

Facebook


