राजस्थान: पुलिस दूरसंचार अधीक्षक ने जातिसूचक टिप्पणी की, मामला दर्ज

Ads

राजस्थान: पुलिस दूरसंचार अधीक्षक ने जातिसूचक टिप्पणी की, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 03:00 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 03:00 PM IST

जयपुर, आठ मार्च (भाषा) राजस्थान पुलिस मुख्यालय में एक बैठक के दौरान जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अपने अधीनस्थ के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

ज्योति नगर थाना प्रभारी संतरा मीणा ने बताया, ‘‘पुलिस दूरसंचार निदेशक दौलतराम अटल की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस दूरसंचार अधीक्षक नीतू बुगालिया के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।’’

उन्होंने बताया कि पांच मार्च की शाम पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक(साइबर अपराध और तकनीकी सेवाएं) वी.के. सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें दूरसंचार विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक का एजेंडा संचार प्रणाली के उन्नयन पर चर्चा करना था।

पुलिस दूरसंचार निदेशक दौलतराम अटल ने बताया कि प्रस्तुति के दौरान पुलिस दूरसंचार अधीक्षक बुगालिया ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि वह आरक्षण के तहत निदेशक बने हैं। उन्होंने कहा कि बुगालिया बार-बार प्रस्तुति में व्यवधान डाल रही थीं।

अटल ने कहा, “मैंने उन्हें ऐसी टिप्पणी न करने को कहा और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी, लेकिन वह प्रस्तुति में बाधा डालती रहीं। इसके बाद, अपर पुलिस महानिदेशक ने उन्हें बैठक से बाहर जाने को कहा।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई, मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

बाकोलिया सुभाष

सुभाष