जयपुर, पांच फरवरी (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की चित्तौड़गढ़ इकाई ने सिंहपुर ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक को 2.10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी ग्राम विकास अधिकारी की पहचान पारस राम विश्नोई और कनिष्ठ सहायक बाबू लाल शर्मा के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को 70 हजार रुपए नकद और 1.40 लाख रुपए का चेक लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत सिंहपुर में 12.80 लाख रुपए के विकास कार्य करवाए थे।
उन्होंने बताया कि मई और जून 2025 के सात बिलों का भुगतान करने की एवज में दोनों अधिकारियों ने 2.10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन होने पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र