राज्यसभा चुनाव: अन्नाद्रमुक के थंबीदुरई और पीएमके के अंबुमणि ने नामांकन दाखिल किया

Ads

राज्यसभा चुनाव: अन्नाद्रमुक के थंबीदुरई और पीएमके के अंबुमणि ने नामांकन दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 12:24 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 12:24 PM IST

चेन्नई, पांच मार्च (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के मौजूदा सांसद एम थंबीदुरई और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदॉस ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

आगामी 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन आज सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल करते समय वरिष्ठ सांसद थंबीदुरई के साथ पार्टी के महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

नामांकन दाखिल करने के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि के साथ के. पी. मुनुसामी समेत अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

राज्य में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा पीएमके (अंबुमणि गुट) को अन्नाद्रमुक ने चार मार्च को यह सीट आवंटित की थी।

तमिलनाडु विधानसभा में अन्नाद्रमुक की संख्या बल के आधार पर थंबीदुरई और अंबुमणि दोनों का राज्यसभा सदस्य बनना लगभग तय माना जा रहा है।

तमिलनाडु की छह सीट में से सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) विधानसभा में अपनी वर्तमान संख्या के आधार पर चार सीट जीत सकती है जबकि अन्नाद्रमुक दो सीट जीत सकती है।

भाषा

सुरभि वैभव

वैभव