रांची: भाजपा ने विपक्षी गठबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया, महिला आरक्षण में बाधा डालने का लगाया आरोप

Ads

रांची: भाजपा ने विपक्षी गठबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया, महिला आरक्षण में बाधा डालने का लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 08:49 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

रांची, 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस नीत विपक्षी गठबंधन पर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने में अड़चने पैदा करने का आरोप लगाते हुए रांची में विरोध प्रदर्शन किया।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में भाजपा सदस्यों ने ‘महिला आक्रोश मार्च’ निकाला। यह मार्च मोराबादी मैदान से शुरू हुआ और अल्बर्ट एक्का चौक के पास समाप्त हुआ।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खिलाफ नारे लगाए और उन पर महिलाओं के अधिकारों का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।

मार्च में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी और मधु कोड़ा सहित कई पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

अन्नपूर्णा देवी ने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा के तीन दिवसीय सत्र के दौरान कांग्रेस नीत ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन)के रुख ने उसकी ‘‘महिला विरोधी मानसिकता’’ को उजागर कर दिया है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘विपक्ष ने महिला आरक्षण कानून का विरोध किया और वे नहीं चाहते कि महिलाओं को उनके अधिकार मिलें। तीन दशकों से अधिक समय से यह विधेयक बार-बार आया और चला गया, लेकिन कांग्रेस ने इसे कभी पारित नहीं होने दिया क्योंकि उसकी मंशा स्पष्ट नहीं थी।’’

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने कहा कि रैली में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति अधिकारों और गरिमा के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा दिखाए गए विरोध का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

मुंडा ने कहा कि विधानसभाओं/संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाला ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इसका विरोध किया।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज