रांची, 25 अप्रैल (भाषा) रांची के एक मंदिर में तैनात 60-वर्षीय सुरक्षा गार्ड की लूटपाट के प्रयास के दौरान पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार देर रात धुर्वा स्मार्ट सिटी क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर में हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बताया, ‘‘शुक्रवार को सुरक्षा गार्ड की हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि पीड़ित ने उन्हें पहचान लिया था। इसलिए, पकड़े जाने के डर से उन्होंने पत्थर से सिर पर हमला करके उसकी हत्या कर दी।’’
उन्होंने बताया, ‘‘इसके बाद आरोपी दान पेटी से पैसे लेकर मौके से फरार हो गए। उनमें से दो का आपराधिक इतिहास है।’
रंजन ने बताया कि जांचकर्ताओं ने लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी, खून के धब्बे लगे पत्थर और वहां रखे दान पेटी का ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ बरामद की है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में धुर्वा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि एक अदालत द्वारा आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश