रेखा को बंगाल चुनाव में उम्मीदवार बनाना महिलाओं की सुरक्षा पर पार्टी के ध्यान को दर्शाता है: भाजपा
रेखा को बंगाल चुनाव में उम्मीदवार बनाना महिलाओं की सुरक्षा पर पार्टी के ध्यान को दर्शाता है: भाजपा
कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में दो साल पहले कथित अत्याचारों के खिलाफ मुखर रुख अपनाने वालीं रेखा पात्रा को सुंदरबन डेल्टा के हिंगलगंज सीट से विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, यह कदम राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा के निरंतर ध्यान दिए जाने को दर्शाता है।
भाजपा ने बृहस्पतिवार को अपने 113 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें पात्रा का नाम भी शामिल है। उनका मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार आनंद सरकार से होगा।
संदेशखालि में रहने वालीं एक गृहिणी रेखा पात्रा 2024 के आम चुनाव में भाजपा की सबसे चर्चित उम्मीदवारों से एक थीं। पार्टी ने उन्हें जमीनी स्तर की समस्याओं और ग्रामीण बंगाल में महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचारों की आवाज के रूप में पेश किया।
वह निलंबित टीएमसी नेता शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख चेहरा थीं।
भाजपा ने उन्हें स्थानीय स्तर पर कथित कुप्रशासन के खिलाफ प्रतिरोध की आवाज के रूप में पेश किया।
पात्रा की उम्मीदवारी की घोषणा के दिन ही संयोग से कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शेख शाहजहां की जमानत याचिका खारिज कर दी।
शाहजहां जनवरी 2024 में संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के मामले के मुख्य आरोपी हैं।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हिंगलगंज सीट संदेशखालि से सटी हुई है और इसमें संदेशखालि-2 कम्युनिटी डेवलपमेंट ब्लॉक के कुछ हिस्से शामिल हैं।
भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पात्रा को बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि उन्हें टीएमसी के हाजी नूरुल इस्लाम के सामने 3.33 लाख वोट से हार का सामना करना पड़ा था।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


