नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने मेलबर्न में आयोजित भारतीय फिल्म महोत्सव में खुद को ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की सिलसिलेवार तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
यह पुरस्कार अभिनेता को भारतीय सिनेमा के बारे में वैश्विक स्तर पर चर्चा को विस्तार देने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने ऐसी कहानियों को प्रोत्साहित किया है, जो स्थनीय जड़ों से जुड़ी और सांस्कृतिक रूप से प्रामाणिक हैं। उन्हें यह पुरस्कार मेलबर्न में आयोजित भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफ) में 13 अगस्त को प्रदान किया गया।
शेट्टी ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा कि वह यह पुरस्कार पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, “आईएफएफ मेलबर्न 2026 में फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार और ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार पाकर बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं।”
पोस्ट में सबसे पहले पुरस्कारों की तस्वीर और उसके बाद अभिनेता की तस्वीर साझा की गई।
शेट्टी पिछली बार ‘कांतारा: चैप्टर 1’ में नजर आए थे, जिसका निर्देशन और निर्माण भी उन्होंने ही किया था। यह फिल्म 2022 में आई उनके निर्देशन वाली फिल्म ‘कांतारा’ की अगली कड़ी थी। इसमें उनके साथ रुक्मिणी वसंत ने भी अभिनय किया था। यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी।
भाषा तान्या मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल