नाहन, 10 जुलाई (भाषा) पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार मानसूनी बारिश ने सिरमौर जिले के काला अंब औद्योगिक क्षेत्र सहित कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई है जहां जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और स्कूल बंद करने पड़े हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार, सिरमौर जिले के पच्छाद में राज्य में सबसे अधिक 207 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, इसके बाद नाहन में 158.5 मिलीमीटर जबकि धौलाकुआं में 70 मिलीमीटर और पांवटा साहिब में 62.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार घंटों के दौरान सिरमौर जिले में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
अधिकारियों ने बताया कि नाहन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
सिरमौर जिले की प्रमुख नदियां टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा तथा दर्जनों छोटे-छोटे नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों को इन नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
बारिश का असर जिले की सड़कों पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार, जिले में कुल 34 सड़कें बंद रहीं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21, संगड़ाह की आठ, नाहन की चार और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है।
इससे पहले दिन में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश और बादल गरजने का अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर सिरमौर जिले के पांवटा के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) द्विज गोयल ने शुक्रवार को उपमंडल के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया।
यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया।
हालांकि, अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुख और कर्मचारी प्रशासनिक एवं आपातकालीन कार्यों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
भाषा अमित माधव
माधव