बेंगलुरु, 29 जून (भाषा) कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने सोमवार को उस कथित ऑडियो पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें वह बी वाई विजयेंद्र को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने को लेकर चर्चा कर रहे हैं।’।
गौड़ा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। जो ऑडियो और वीडियो मेरे नहीं हैं, उन पर मैं कोई जवाब नहीं दूंगा।’’
गौड़ा ने कहा कि मीडिया को सच्चाई का पता लगाना चाहिए कि क्या यह संबंधित सामग्री कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाई हुई है या कुछ और है।
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मुझे नहीं पता कि ऑडियो किस बारे में है, इसलिए मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।’’
उनके अनुसार, इसके पीछे कुछ ‘पेमेंट टीवी चैनल’ हो सकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक बड़ा मुद्दा है।
इस अभियान से आहत होने की बात कहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस ऑडियो के पीछे आखिर कौन है।
कथित ऑडियो में पूर्व मुख्यमंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘वह (विजयेंद्र) नवंबर तक अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लेंगे। सर, अब तो सिर्फ दो महीने ही बचे हैं। हमें फिर एक और भ्रम की स्थिति क्यों पैदा करनी चाहिए? यदि आप दोबारा भ्रम पैदा करेंगे, तो विजयेंद्र की टीम धीरे-धीरे और सहज तरीके से…।’’
गौड़ा ने कथित तौर पर कहा, ‘‘दो महीने में हमें इस पर ज़ोर देना चाहिए और उन्हें बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए।’’
इसके अलावा, उनकी कथित आवाज़ में कहा गया, ‘‘जब उनका कार्यकाल भी (अगले दो महीनों में) पूरा हो जाएगा, तब अध्यक्ष को हटाने को लेकर कोई शिकायत नहीं कर पाएगा और पार्टी के भीतर भी कोई भ्रम नहीं रहेगा… इसलिए जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्टूबर से शुरुआत करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाइए।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप