सर्वोदय एन्क्लेव लूट: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह के संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार

Ads

सर्वोदय एन्क्लेव लूट: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद 'कच्छा-बनियान' गिरोह के संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 11:17 AM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 11:17 AM IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सर्वोदय एनक्लेव में हाल में हुई लूट में शामिल कुख्यात ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह के तीन संदिग्ध सदस्यों को सोमवार तड़के पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सर्वोदय एनक्लेव में लूट की यह वारदात गत बृहस्पतिवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि को हुई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय मंडल पार्क की चारदीवारी से सटे पेड़ पर चढ़कर बालकनी से घर में घुसे थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘उन्होंने कटर का उपयोग करके दरवाजे का ताला काटा और घर में घुस गए। जब घर के लोग जाग गए, तो उन्हें बंधक बना लिया गया और एक कमरे के अंदर बंद कर दिया गया।’

इसके बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर को खंगाला और नकदी, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

परिसर के अंदर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश लोगों को आसानी से घर में घूमते हुए देखा गया। वे दस्ताने और मोजे पहने हुए थे और उनके पास ऐसे हथियार थे जिनका इस्तेमाल ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह करता है।

जांचकर्ताओं ने कहा कि यह गिरोह कम कपड़ों में चोरी और लूट करने के लिए जाना जाता है। वे अक्सर औजारों से लैस होते हैं और विरोध किए जाने पर हिंसक होने से नहीं हिचकिचाते।

अधिकारी ने कहा, ‘अगर पीड़ितों ने विरोध करने की कोशिश की होती, तो स्थिति घातक हो सकती थी।’

घटना के बाद मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गईं।

विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने आंबेडकर नगर के पास जाल बिछाया, जहां संदिग्धों को रोका गया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।

पुलिस ने कहा कि शहर भर में इसी तरह के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान यासिर वैभव

वैभव