सतीशन ने ‘माकपा-भाजपा में समझौते’ के आरोपों को दोहराया

Ads

सतीशन ने ‘माकपा-भाजपा में समझौते’ के आरोपों को दोहराया

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 04:32 PM IST

कोच्चि, 22 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने आगामी विधानसभा चुनाव में माकपा और भाजपा के बीच ‘समझौते’ के अपने आरोप को दोहराते हुए रविवार को कहा कि यूडीएफ इस ‘अनैतिक गठबंधन’ को हराएगा।

सतीशन ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह अपने इस दावे पर कायम हैं कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने पलक्कड़ में निर्दलीय उम्मीदवार को वोटों को बांटने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए मैदान में उतारा है।

उन्होंने आरोप को लेकर कांग्रेस को ‘बेशर्म’ कहने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर पर भी पलटवार किया।

सतीशन ने कहा, ‘उन्होंने यह बयान इसलिए दिया क्योंकि उन्हें राजनीति की समझ नहीं है। वह केरल में भाजपा द्वारा उतारे गए एक कारोबारी हैं। वह तीन बार राज्यसभा सदस्य बने, लेकिन भाजपा के टिकट पर नहीं।’

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह आम तौर पर व्यक्तिगत हमलों से बचते हैं, लेकिन चंद्रशेखर की टिप्पणियों के बाद उन्होंने जवाब देना उचित समझा। उन्होंने कहा, ‘हमें चंद्रशेखर से राजनीति सीखने की जरूरत नहीं हैं। उन्हें हमें राजनीति नहीं सिखानी चाहिए।’

सतीशन ने आरोप लगाया कि कम से कम 10 निर्वाचन क्षेत्रों में, माकपा ने इस तरह की व्यवस्था के तहत कमजोर उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्वी एर्नाकुलम जिले के कुछ हिस्सों में, भाजपा ने इस साजिश के तहत अपने सहयोगियों को सीटें सौंप दी हैं।

कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मौजूदा चुनाव में माकपा-भाजपा का ‘‘गठजोड़’’ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है लेकिन ऐसा समझौता सफल नहीं होगा।

कांग्रेस नेता ने संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के उस वादे को दोहराया कि अगर एकीकृत लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में सत्ता में आता है तो महिलाओं के लिए केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस यात्रा मुफ्त होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘माकपा और एलडीएफ को अच्छी तरह पता है कि जन भावना उनके खिलाफ है और वे अपनी आखिरी चाल चल रहे हैं। केरल में माकपा-भाजपा की दोस्ती कोई नयी बात नहीं है।’’

भाषा आशीष संतोष

संतोष