अहमदाबाद, 25 अप्रैल (भाषा) गुजरात में 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी निगरानी और विशेष पुलिस दस्तों की तैनाती की गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक के एल एन राव ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मतदान सुबह सात बजे शुरु होगा और शाम छह बजे खत्म होगा। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में चुनाव होगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।
डीजीपी राव ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और करीब 29,000 मतदान भवनों और 49,000 से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मानक संचालन प्रक्रिया के तहत मतदान केंद्रों को संवेदनशील, अति-संवेदनशील और सामान्य श्रेणियों में बांटा गया है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ सशस्त्र पुलिस, राज्य रिजर्व पुलिस, केंद्रीय बल, होमगार्ड, ग्राम रक्षक दल (जीआरडी) और सागर रक्षक दल (एसआरडी) भी तैनात किए गए हैं।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप