सलेम (तमिलनाडु), 20 सितंबर (भाषा) तंत्र-मंत्र की क्रियाएं करने का दावा कर लोगों को ठगने वाले एक स्वयंभू बाबा को महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने, उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें (वीडियो क्लिप को) बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विजयराजा (50) के रूप में हुई है। वह यहां के पास वाझापाड़ी में तंत्र-मंत्र से जुड़ा केंद्र चलाता था और अनुष्ठान के बहाने गुप्त रूप से महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का वीडियो बनाता था। पुलिस ने बताया कि वह इन वीडियो को डार्क वेब के जरिये प्रसारित करता था।
पुलिस ने बताया कि मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब आरोपी ने एक स्कूली छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने की कोशिश की, जो उसके पास विनायक चतुर्थी उत्सव के लिए चंदा लेने पहुंची थी।
छात्रा द्वारा अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय युवाओं के एक समूह ने ‘शनीश्वर’ नामक एक अनुष्ठान केंद्र पर धावा बोल दिया। भीड़ को अपनी ओर आते देख विजयाराजा ने परिसर में ताला लगाकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने व्यापक तलाश कर उसे पास के एक ठिकाने से ढूंढ़ निकाला और वाझापाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विजयराजा ने कथित तौर पर बताया कि एक पोर्टल ने ऐसे वीडियो के बदले उसे पैसे देने की पेशकश की थी। उसने पीड़िताओं के वीडियो बनाकर उस वेबसाइट पर भेजे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि इस अपराध में और कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और डिजिटल स्टोरेज उपकरण जब्त कर लिये हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश