रांची, पांच मार्च (भाषा) झारखंड में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के इकलौते विधायक सरयू रॉय ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजना उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने की एक ‘सुनियोजित साजिश’ है।
जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार ने सुबह (बृहस्पतिवार) राज्यसभा का चुनाव लड़ने के अपने फैसले की घोषणा की, जिसके साथ ही उनका 20 साल तक राज्य के सबसे लंबे समय तक का मुख्यमंत्री का कार्यकाल समाप्त हो गया।
रॉय ने कहा, “आज बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव आया है। 2005 से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने राज्य के लिए बहुत काम किया और सुशासन स्थापित किया है। जिस तरह से उनके जैसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद से हटाकर राज्यसभा भेजा गया है, ऐसा लगता है कि उन्हें किसी आश्रय में भेजा जा रहा है। यह तरीका उचित नहीं लगता।”
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक ने पत्रकारों से कहा, “पिछले दो दिनों में दिल्ली और पटना के बीच जो गतिविधियां हुई हैं, उनसे लगता है कि यह सब एक सुनियोजित साजिश के तहत किया गया है। अगर उन्हें (नीतीश कुमार को) सम्मानजनक तरीके से राज्यसभा भेजा जाता, तो कोई आपत्ति नहीं करता। कुमार का मित्र होने के नाते, मुझे यह फैसला बिल्कुल भी समझ नहीं आ रहा है।”
रॉय ने हालांकि यह नहीं बताया कि इस “सुनियोजित साजिश” के पीछे कौन है।
नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांच उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश