कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को यहां सॉल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के ‘रणनीति कक्ष’ का दौरा किया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पार्टी के चुनाव प्रचार की बारीकी से निगरानी कर रहे शाह सुबह ‘रणनीति कक्ष’ पहुंचे और जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की।
यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उनकी आधिकारिक यात्रा का हिस्सा नहीं था और उत्तरी बंगाल के कई निर्वाचन क्षेत्रों और दक्षिणी बंगाल के कुछ हिस्सों में मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया, विशेष रूप से उत्तरी बंगाल के उन जिलों में जहां भाजपा अपना गढ़ बरकरार रखना चाहती है।
उन्होंने मतदान प्रतिशत और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की रिपोर्ट के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से प्राप्त प्रतिक्रियाओं की भी समीक्षा की।
पश्चिम बंगाल के बाहर के कई वरिष्ठ नेता, जो पार्टी की चुनाव मशीनरी की देखरेख के लिए पिछले कुछ दिनों से राज्य में डेरा डाले हुए हैं, बैठक के दौरान उपस्थित थे।
भाजपा ने अपने सॉल्ट लेक कार्यालय में एक केंद्रीकृत ‘रणनीति कक्ष’ स्थापित किया है ताकि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके, प्रतिक्रियाओं का समन्वय किया जा सके और जमीनी कार्यकर्ताओं तथा पार्टी नेतृत्व के बीच संचार को सुव्यवस्थित किया जा सके।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश