बेंगलुरु, 10 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को मद्दुर कस्बे में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना के बाद भाजपा पर ‘राजनीति करने’ और ‘लोगों को बांटने’ का आरोप लगाया।
उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से केंद्र से राज्य के हिस्से का धन और विभिन्न परियोजनाओं के लिए मंजूरी दिलाने को भी कहा।
उपमुख्यमंत्री भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल के बुधवार को मद्दुर दौरे पर आने के बारे में पूछे गए एक सवाल पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र, विधानमंडल के दोनों सदनों में विपक्ष के नेता आर. अशोक और सी नारायणस्वामी और अन्य पार्टी नेता शामिल थे।
शिवकुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘उनके (भाजपा के) पास राजनीति करने, लोगों को बांटने और आग भड़काने के अलावा कोई काम नहीं है। उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है।’’
मद्दुर में पथराव की घटना के सिलसिले में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रविवार को हुई इस घटना के बाद मद्दुर और आसपास के इलाकों में तनाव बढ़ गया और सोमवार को कई दक्षिणपंथी संगठनों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए।
हिंसा पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए, शिवकुमार ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, गृह मंत्री जी परमेश्वर और जिला प्रभारी मंत्री एन चेलुवरायस्वामी, सभी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैं शहर में नहीं था और मुझे घटना की पूरी जानकारी नहीं है। मैंने खबरें देखी हैं। जानकारी मिलने पर मैं कुछ कहूंगा। बिना उचित जानकारी के कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता।’’
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा