गंगटोक, 25 फरवरी (भाषा) पूर्वी सिक्किम में त्सोमगो झील के पास भारी बर्फबारी के कारण फंसे 2,700 से अधिक पर्यटकों को बचा लिया। अधिकारियों ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शेराथांग और उसके आसपास के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे 15वें मील और त्सोमगो झील के बीच पर्यटकों के 541 वाहन फंस गए।
उन्होंने बताया कि समन्वित प्रयासों के जरिए 2,736 पर्यटकों को लेकर जा रहे सभी वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से निकाला गया तथा यह अभियान मंगलवार रात को समाप्त हुआ।
पर्यटन विभाग ने पर्यटकों और टूर संचालकों को सलाह दी है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का सख्ती से पालन करें तथा बर्फबारी की स्थिति में यात्रा करते समय अनिवार्य रूप से ‘स्नो चेन’ का इस्तेमाल करने समेत वाहनों में सभी आवश्यक संसाधन रखें।
भाषा यासिर वैभव
वैभव