नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) सरकारी उद्यम एनएचपीसी ने मंगलवार को कहा कि सिक्किम में तीस्ता पनबिजली परियोजना स्थल पर एक निर्माणाधीन सुरंग के ढहने के बाद वहां फंसे लोगों को बाहर निकालने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
एनएचपीसी ने एक बयान में बताया कि दुर्घटनास्थल से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, 25 कर्मचारी सुरंग के अंदर फंस गए थे, जिनमें से अब तक 10 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
बयान में कहा गया है, “20 जुलाई 2026 को दोपहर 1:04 बजे दक्षिण सिक्किम के समरडुंग में एनएचपीसी तीस्ता चरण छह पनबिजली परियोजना की निर्माणाधीन ‘हेड रेस सुरंग’ (एचआरटी) के अंदर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जब कथित तौर पर चट्टानों के भीतर फंसी मीथेन गैस के अचानक निकलने से विस्फोट हुआ, जिससे घना धुआं और जहरीली गैस फैल गई।”
इसमें कहा गया है कि एनएचपीसी ने कहा कि घटना के तुरंत बाद परियोजना टीम ने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए।
बयान के मुताबिक, परियोजना टीम बचाव कार्यों में मदद के लिए जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), स्थानीय अधिकारियों और दूसरी आपातकालीन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
इसमें कहा गया है कि खान सुरक्षा महानिदेशालय की विशेष बचाव टीम भी राहत एवं बचाव अभियान में मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है।
बयान के अनुसार, “हमारी इंजीनियरिंग टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, ताकि सुरंग के भीतर की स्थिति को स्थिर बनाया जा सके और बचाव अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा सके। एनएचपीसी का शीर्ष प्रबंधन भी घटनास्थल पर पहुंच गया है और बचाव दलों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ करीबी समन्वय में काम कर रहा है।”
इसमें कहा गया है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।
भाषा पारुल नरेश
नरेश