गोवा में ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार

Ads

गोवा में ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 02:07 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 02:07 PM IST

पणजी, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तरी गोवा के सांगोल्डा गांव में किराए के मकान से आईपीएल का ऑनलाइन सट्टा गिरोह संचालित करने के आरोप में गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह छापेमारी साइबर अपराध पुलिस थाने द्वारा 15 और 16 अप्रैल की दरम्यानी रात को की गई, जिसमें आरोपी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों से जुड़े ऑनलाइन ऐप्स के जरिए सट्टा लगाते हुए पकड़े गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ‘‘एमजी लायन’’ और ‘‘कबुक 1’’ ऐप्स के माध्यम से कई मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सट्टा गतिविधियां चला रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरत निवासी गेडिया राज दिलीपभाई, निलेश रतिभाई हिरानी और शनि दीपकभाई चावड़ा, गुजरात के अमरेली निवासी रोकड़ यश जयसुखभाई, राजस्थान के उदयपुर निवासी भीमराज मीणा और पश्चिम बंगाल के बर्धमान निवासी प्रशांत हरीश त्रिवेदी के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लैपटॉप, 31,000 रुपये नकद, 50 एटीएम कार्ड, कई ‘म्यूल’ खाते किट और मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी गयी है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर सट्टे से कमाई गई रकम को कई म्यूल खातों के जरिए हस्तांतरित करते थे और फर्जी पहचान व दस्तावेजों का इस्तेमाल कर जुआ गतिविधियों को संचालित कर रहे थे।

यह कार्रवाई साइबर अपराध के पुलिस अधीक्षक राजू राउत देसाई की निगरानी में निरीक्षक दीपक पेडनेकर के नेतृत्व में की गई।

आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और गोवा, दमन और दीव सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा गोला माधव

माधव