हैदराबाद में छह लोग डेढ़ करोड़ रु के 12 लीटर ‘हशीश ऑयल’ के साथ पकड़े गये

Ads

हैदराबाद में छह लोग डेढ़ करोड़ रु के 12 लीटर ‘हशीश ऑयल’ के साथ पकड़े गये

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 03:39 PM IST

हैदराबाद, 17 अगस्त (भाषा) हैदराबाद में सोमवार को एक आईटी कर्मी और 17 वर्षीय दो लड़कों समेत छह लोग कथित रूप से 12 लीटर ‘हशीश ऑयल’ ले जाते हुए पकड़े गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मल्काजगिरि की पुलिस आयुक्त बी सुमति ने यहां एक बयान में कहा कि पुलिस को पक्की सूचना मिली थी कि छह लोग आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले से ‘हशीश ऑयल’ हैदराबाद होते हुए बेंगलुरु ले जा रहे रहे हैं जिसके बाद पुलिस दलों ने वनस्थलीपुरम के पास तलाशी अभियान चलाया और उन्हें पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि किशोरों समेत चार आरोपियों ने एक-एक लीटर ‘हशीश ऑयल’ के पैकेट टेप से अपने पैरों और पेट पर बांध रखे थे।

आयुक्त ने कहा, ‘‘हर आरोपी तीन लीटर हशीश ऑयल ले जाते हुए पाया गया। उनके पास से कुल 12 लीटर हशीश ऑयल ज़ब्त किया गया।’’

उन्होंने कहा कि जांच से पता चला कि मुख्य आरोपी जी श्रीनू गांजा और ‘हशीश ऑयल’ की तस्करी में लिप्त है और उसे आंध्र प्रदेश में एनडीपीएस मामलों में पहले भी गिरफ्तार भी किया गया था।

पुलिस के अनुसार श्रीनू अल्लूरी सीताराम राजू जिले के गेम्मेली गांव का रहने वाला है।

सुमति ने बताया कि जेल से छूटने के बाद, श्रीनू ने कथित तौर पर आपूर्तिकर्ता कृष्णा और बेंगलुरु में रह रहे खरीददार (वह मूल रूप से केरल का रहने वाला है) के साथ मिलकर फिर से ‘हशीश ऑयल’ की तस्करी शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार श्रीनू और उसकी पत्नी (जो एक आईटी कर्मी है) ने ‘हशीश ऑयल’ की तस्करी का धंधा चालू किया और आंध्र प्रदेश से हैदराबाद होते हुए बेंगलुरु तक इस गैर-कानूनी सामान को पहुंचाने के लिए आस-पास के गांवों के बेरोजगार आदिवासी युवाओं को पैसे का लालच देकर काम पर रखा।

आयुक्त ने कहा कि इन दोनों ने कई बार हशीश ऑयल पहुंचाया था और सिजो से काफी पैसे लिए थे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान खेप के लिए सिजो ने 12 लीटर ‘हशीश ऑयल’ पहुंचाने के बदले 10 लाख रुपये देने का वादा किया था।

पुलिस के मुताबिक आरोप है कि श्रीनू, उसकी पत्नी और उनके चार साथियों ने कृष्णा से प्रतिबंधित सामान लिया और वे निजी वाहन से अल्लूरी सीताराम राजू ज़िले से हैदराबाद होते हुए बेंगलुरु जा रहे थे।

आयुक्त ने कहा कि जांच चल रही है तथा कृष्णा एवं सिजो फरार हैं एवं पुलिस उन्हें तलाशने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने अन्य को हशीश ऑयल की आपूर्ति में लिप्त रहने को लेकर पकड़ा है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश