उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा मामले में एसओजी ने पांच एसआई को गिरफ्तार किया

Ads

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा मामले में एसओजी ने पांच एसआई को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - September 1, 2024 / 08:32 PM IST,
    Updated On - September 1, 2024 / 08:32 PM IST

जयपुर, एक सितंबर (भाषा) राजस्थान पुलिस के ‘स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप’ (एसओजी) ने उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में संलिप्तता के आरोप में रविवार को दो महिलाओं समेत पांच प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को गिरफ्तार किया।

सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सात सितंबर तक पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तार प्रशिक्षुओं में शोभा राइका व उसका भाई देवेश राइका शामिल हैं। ये दोनों राजस्थान लोकसेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य रामूराम राइका की संतान हैं।

गिरफ्तार तीन अन्य प्रशिक्षु एसआई में मंजू देवी, अविनाश पलसानिया और विजेंद्र कुमार शामिल हैं।

इन सभी पांचों प्रशिक्षुओं को शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) से हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए एसओजी कार्यालय लाया गया।

एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में अब तक 61 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इन 61 आरोपियों में 33 प्रशिक्षु एसआई, चार चयनित उम्मीदवार (जो नौकरी में शामिल नहीं हुए) और पेपर लीक गिरोह से जुड़े 24 लोग शामिल हैं।

बयान के अनुसार, 65 अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।

भाषा पृथ्वी नोमान

नोमान

शीर्ष 5 समाचार