नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को घोषणा की कि रेलवे का नया दक्षिण तटीय जोन एक जून 2026 से अस्तित्व में आएगा और कार्य करना शुरू कर देगा।
विशाखापत्तनम में ‘गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब’ के शिलान्यास समारोह के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा, ‘दक्षिण तटीय रेलवे जोन के गठन के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसकी प्रभावी तिथि एक जून 2026 होगी।’
उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम आंध्र प्रदेश में रेलवे प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रेल मंत्रालय के एक प्रेस नोट में कहा गया, ‘मंत्री ने स्पष्ट किया कि आंध्र प्रदेश को रिकॉर्ड 10,134 करोड़ रुपये का रेलवे बजट आवंटन प्राप्त हुआ है, जो आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए मिलाकर पिछले वर्षों में आवंटित 886 करोड़ रुपये की तुलना में काफी अधिक है।’
वैष्णव ने बताया कि आंध्र प्रदेश में लगभग 1,06,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं वर्तमान में जारी हैं, जिनका उद्देश्य बंदरगाहों, पर्यटन स्थलों और प्रमुख शहरों से संपर्क सहित पूरे राज्य में कनेक्टिविटी को बढ़ाना है।
वर्तमान में देश में 17 रेलवे जोन हैं और दक्षिण तटीय जोन 18वां जोन होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ जून 2025 को वर्चुअल माध्यम से इस नए जोन की आधारशिला रखी, जिसकी घोषणा फरवरी 2019 में की गई थी।
मंत्री ने घोषणा की कि आंध्र प्रदेश ने अपने रेलवे नेटवर्क का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हासिल कर लिया है, जिससे यह रेलवे आधुनिकीकरण में अग्रणी क्षेत्रों में शुमार हो गया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव