सपा प्रमुख ने पश्चिम एशिया के हालात पर संसद में चर्चा कराने की मांग की, केंद्र के रुख पर सवाल उठाया

Ads

सपा प्रमुख ने पश्चिम एशिया के हालात पर संसद में चर्चा कराने की मांग की, केंद्र के रुख पर सवाल उठाया

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 03:02 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 03:02 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात पर सोमवार को संसद में चर्चा की मांग की और सरकार से अपनी विदेश नीति स्पष्ट करने की अपील की।

यादव ने आरोप लगाया कि भारत अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है।

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि वह इस स्थिति से कैसे निपट रही है, खासकर यह देखते हुए कि बड़ी संख्या में भारतीय खाड़ी देशों में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया इजराइल दौरे के दौरान उनके साथ गए कई पत्रकार अब इस इलाके में फंसे हुए हैं।

यादव ने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में भारतीय लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। जो पत्रकार प्रधानमंत्री की इजराइल यात्रा के दौरान राजनीतिक पत्रकार के तौर पर उनके साथ गए थे, वे अब युद्ध संवाददाता बन गए हैं। वे कैसे लौटेंगे?’’

उन्होंने केंद्र की विदेश नीति की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि अमेरिका भारत पर शर्तें ‘‘थोप रहा’’ है।

यादव ने कहा, ‘‘एक तरफ हम आत्मनिर्भर बनने की बात कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ हम अमेरिका के आदेश मान रहे हैं। अमेरिका हमें शर्तें बता रहा है कि हम कितना तेल खरीद सकते हैं और कितने दिनों के लिए।’’

संसद में पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा कराने की मांग करते हुए यादव ने कहा कि सरकार को इस संघर्ष और भारत की बड़ी विदेश नीति पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए।

भाषा वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल