नोएडा, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस ने स्पाइसजेट एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से कथित तौर पर ठगी करने वाले एक कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने सैकड़ों लोगों के साथ करोड़ों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है।
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि फेस-1 थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर वज्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए स्पाइसजेट एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी सुदेश सिंह, बृजेश भदोरिया, अर्जुन और संदीप कुमार तिवारी को सेक्टर-2 से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, डेबिट कार्ड, 13 सिम कार्ड और तीन बैंक पासबुक बरामद किए गए हैं।
सिंह के मुताबिक, विभिन्न पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच के दौरान उक्त कॉल सेंटर का पर्दाफाश हुआ। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्विकर डॉट कॉम सहित अन्य वेबसाइट से नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं की जानकारी हासिल कर उनसे संपर्क करते थे और उन्हें स्पाइसजेट में नौकरी की पेशकश करते थे।
सिंह के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि नौकरी की पेशकश के झांसे में आने वाले युवाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे जाते थे और फिर पंजीकरण शुल्क तथा प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उनसे ‘म्यूल’ बैंक खातों में मोटी रकम अंतरित करवाई जाती थी।
‘म्यूल’ बैंक खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी खाताधारक की जानकारी के बिना या कभी-कभी उसकी मिलीभगत से अवैध धन के लेन-देन या धनशोधन के लिए करते हैं।
भाषा
सं पारुल
पारुल