पणजी, 23 अप्रैल (भाषा) एक स्थानीय अदालत ने दक्षिणपंथी वक्ता गौतम खट्टर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है, जिनकी गोवा पुलिस को सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से संबंधित एक मामले में तलाश है।
पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) राहुल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों को बताया कि वास्को की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) की अदालत ने यह वारंट जारी किया है।
खट्टर को जांच अधिकारी ने उपस्थित होने के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन वह पेश नहीं हुए।
गुप्ता ने बताया कि गोवा पुलिस पिछले शनिवार से खट्टर की तलाश कर रही है, जब उसके खिलाफ ‘धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने’ का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बुधवार को उसके भाई माधव खट्टर को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है, जिसे अदालत ने चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ गौतम खट्टर के अपमानजनक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
खट्टर ने यह बयान शनिवार शाम एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया था।
बृहस्पतिवार को वास्को शहर में 100 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन कर गौतम खट्टर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि खट्टर को पकड़ने और उसे देश से भागने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा
सुमित देवेंद्र
देवेंद्र