सेंट स्टीफंस ने अपने परिसर के कायाकल्प के लिए पूर्व छात्रों से मांगा आर्थिक सहयोग

सेंट स्टीफंस ने अपने परिसर के कायाकल्प के लिए पूर्व छात्रों से मांगा आर्थिक सहयोग

सेंट स्टीफंस ने अपने परिसर के कायाकल्प के लिए पूर्व छात्रों से मांगा आर्थिक सहयोग
Modified Date: July 22, 2026 / 02:52 pm IST
Published Date: July 22, 2026 2:52 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने पुराने हो रहे परिसर के बुनियादी ढांचे के व्यापक कायाकल्प के लिए पूर्व छात्रों से वित्तीय सहयोग की अपील की है। कॉलेज ने छात्रावास के शौचालयों और सड़कों के नवीनीकरण से लेकर एयर कंडीशनर लगाने तथा कॉलेज प्रशासन के डिजिटलीकरण जैसी परियोजनाओं के लिए आर्थिक मदद मांगी है।

पूर्व छात्रों को 20 जुलाई को लिखे पत्र में कॉलेज की प्राचार्य सुजैन एलियास ने कहा कि संस्थान के सामने बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई तात्कालिक आवश्यकताएं हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों से अलग-अलग परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे दान राशि के उपयोग में ‘‘पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और धन के उपयोग के संबंध में पता लगाने की सुविधा’’ सुनिश्चित की जा सकेगी।

एलियास ने पत्र में लिखा, ‘‘सेंट स्टीफंस कॉलेज ने हमेशा ऐसा माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया है जो उन मूल्यों और मानकों को दिखाता है, जिनके लिए यह संस्थान जाना जाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस विरासत को संजोने और कॉलेज को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके लिए परिसर और इसकी सुविधाओं में कई सुधार किए जाने की जरूरत है, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।’’

वित्तीय सहयोग की यह अपील ऐसे समय की गई है, जब देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल सेंट स्टीफंस कॉलेज प्रशासन, प्रवेश प्रक्रिया और शिक्षकों की नियुक्तियों को लेकर लगातार जांच के दायरे में रहा है।

इसके अलावा, केंद्रीय वित्तपोषित संस्थानों के लिए अनिवार्य आरक्षण नीतियों के अनुपालन और शिक्षकों की भर्ती को लेकर भी कॉलेज को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में