अहमदाबाद, 27 फरवरी (भाषा) सूरत स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली जो बाद में झूठी निकली, लेकिन ई-मेल गलती से राज्य भर के डाकघरों में भेज दिया गया, जिससे दहशत फैल गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त वी आर मल्होत्रा ने बताया कि सूरत पासपोर्ट कार्यालय को सुबह 5.55 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ जिसमें धमकी दी गई कि दोपहर 12.10 बजे परिसर में आरडीएक्स विस्फोट होगा और इसे खाली करा लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उमरा थाने और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस उपाधीक्षक दिव्यप्रकाश गोहिल ने बताया कि ई-मेल मूल रूप से एक आउटलुक आईडी से सूरत पासपोर्ट कार्यालय में प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘गलतफहमी के कारण, राज्य के सभी डाकघरों को एक ही तरह का बम की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ, जिससे दहशत का माहौल बन गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई।’’
गोहिल ने बताया कि सूरत स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने ई-मेल को सूरत पुलिस आयुक्त कार्यालय को अग्रेषित किया और ‘सीसी’ में नवसारी डिवीजन डाकघर को भी शामिल किया।
उन्होंने कहा कि इसकी प्रति नवसारी डाकघर को क्यों भेजी गई, यह ज्ञात नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि लेकिन गड़बड़ी यहीं नहीं रुकी, क्योंकि नवसारी डिवीजन डाकघर ने इसे अहमदाबाद डाकघर भेज दिया, जहां से इसे वलसाड, गोधरा, राजकोट, भावनगर और अन्य जिलों सहित पूरे गुजरात के डाकघरों में भेज दिया गया, जिससे स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव