मुनम्बम भूमि विवाद को लेकर सुरेंद्रन का यूडीएफ सरकार पर हमला

Ads

मुनम्बम भूमि विवाद को लेकर सुरेंद्रन का यूडीएफ सरकार पर हमला

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 10:06 AM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 10:06 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 25 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने मुनम्बम भूमि विवाद के फिर से गरमाने पर सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन को अब वह वादा पूरा करना चाहिए, जो उन्होंने विपक्ष में रहते हुए प्रदर्शनकारियों से किया था।

सुरेंद्रन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि केरल राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा मुनम्बम की जमीन को वक्फ संपत्ति के रूप में अधिसूचित किए जाने की खबरों ने एर्णाकुलम जिले के तटीय गांव के निवासियों के बीच गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

सुरेंद्रन ने कहा, “मैंने खबरें देखीं कि वक्फ बोर्ड ने मुनम्बम की जमीन को वक्फ संपत्ति घोषित कर दिया है। सतीशन ने प्रदर्शनकारियों और चर्च के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया था कि यूडीएफ के सत्ता में आते ही यह मामला दस मिनट में सुलझा दिया जाएगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन समिति और चर्च पदाधिकारियों को अब मुख्यमंत्री पर दबाव बनाना चाहिए कि वह अपना वादा पूरा करें।

उन्होंने कहा, “आगे की बात तभी होनी चाहिए, जब सतीशन अपना वादा पूरा करने में विफल रहें।”

सुरेंद्रन का यह बयान केरल राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के. एस. हम्जा द्वारा यह दोहराए जाने के बाद आया कि मुनम्बम जैसी विवादित जमीनें वक्फ संपत्ति हैं और उन्हें राज्य की अन्य वक्फ संपत्तियों के साथ केंद्र सरकार के ‘उम्मीद’ पोर्टल पर दर्ज किया जा चुका है।

यह विवाद मुनम्बम में रहने वाले करीब 600 परिवारों से जुड़ा है, जिनमें अधिकांश ईसाई हैं। इन परिवारों को आशंका है कि उनकी जमीन पर उनका अधिकार छिन सकता है।

भाषा खारी रंजन

रंजन