जयपुर, पांच फरवरी (भाषा) जयपुर में एक निलंबित व्याख्याता ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम महेश नगर क्षेत्र में अर्जुन नगर रेलवे अंडरपास के निकट की है।
उसने बताया कि जालोर जिले के सांचौर निवासी मनोहर लाल भादू (35) ने यह कदम उठाने से पहले अपने दोस्तों को मोबाइल फोन पर सुसाइड नोट भेजा था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया।
अधिकारियों के अनुसार, भादू को एक सरकारी कॉलेज से निलंबित किया गया था। विशेष अभियान समूह (एसओजी) भर्ती घोटाले में उनकी कथित भूमिका की जांच कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि भादू महेश नगर में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
उसने बताया कि पुलिस घटना के हालातों की जांच कर रही है। भादू के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं, जो जालोर में रहते हैं।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी