शुभेंदु ने अभिषेक को डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी

शुभेंदु ने अभिषेक को डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी

शुभेंदु ने अभिषेक को डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी
Modified Date: July 22, 2026 / 03:34 pm IST
Published Date: July 22, 2026 3:34 pm IST

कोलकाता, 22 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी की हालिया ‘2031 में हिसाब चुकता करने’ वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्हें अगला लोकसभा चुनाव डायमंड हार्बर सीट से लड़ने की चुनौती दी और कहा कि भाजपा तय करेगी कि तब तक ‘‘वह कहां होंगे।’’

इस तीखी नोकझोंक के साथ राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया। दोनों दल संगठनात्मक ताकत और अगले विधानसभा चुनाव को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

अधिकारी ने ये टिप्पणी राज्य विधानसभा में गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभागों की बजट संबंधी अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कीं। इससे पहले ममता बनर्जी गुट की तृणमूल कांग्रेस विधायक अलीफा अहमद ने शिकायत की कि चर्चा की तैयारी करने वाले विपक्षी विधायकों को, उनके नाम दिए जाने के बावजूद, बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।

इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा विपक्ष के अंदरूनी मतभेदों का समाधान नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पांच वर्षों तक नेता प्रतिपक्ष रहा। स्थापित प्रक्रिया यह है कि विपक्ष का मुख्य सचेतक वक्ताओं की सूची सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक को सौंपता है, जिसके बाद अध्यक्ष उसी के अनुसार सदस्यों को बोलने के लिए बुलाते हैं। यदि आपके अपने दल के भीतर कोई विवाद है तो उसे वहीं सुलझाइए। मुख्यमंत्री या विधानसभा आपके आंतरिक झगड़ों का समाधान नहीं कर सकती।’

इसके बाद उन्होंने अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना उन पर परोक्ष तौर पर निशाना साधा और तृणमूल कांग्रेस नेता की एक दिन पहले पार्टी की बैठक में की गई टिप्पणी का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘कल बहुत बड़ी-बड़ी बातें की गईं। किसी ने अपने कार्यकर्ताओं से उसे नोट कर लेने को कहा और यह कि हिसाब 2031 में चुकता किया जाएगा। हम देखेंगे कि 2031 में वह कहां होंगे। अगर उनमें साहस है तो अगला लोकसभा चुनाव डायमंड हार्बर सीट से लड़ें। 2,500 लोगों की सभा में बड़ी-बड़ी बातें करने से कुछ नहीं होता। मैं तो एक ग्राम पंचायत की सभा में भी इससे चार गुना अधिक भीड़ जुटा लेता हूं।’

शुभेंदु अधिकारी की यह टिप्पणी मंगलवार को तृणमूल के ममता बनर्जी गुट की शहीद दिवस रैली में अभिषेक बनर्जी के भाषण के जवाब के रूप में देखी जा रही है। अभिषेक बनर्जी ने वहां भाजपा पर ‘विश्वासघात’ के जरिए पार्टी को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था और कहा था कि राज्य में भाजपा को राजनीतिक रूप से पराजित किया जाएगा।

अभिषेक बनर्जी ने कहा था, ‘‘भाजपा क्या करेगी? हमें जेल में डालेगी? हमारे खिलाफ झूठे मामले दर्ज करेगी? करने दीजिए। हम कभी सिर नहीं झुकाएंगे, क्योंकि हमारी रीढ़ बिकाऊ नहीं है।’’

उन्होंने कथित डराने-धमकाने के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि यह ‘‘नयी तृणमूल’’ का जन्म है। उन्होंने कहा था, ‘यह नयी तृणमूल अगले 40 वर्षों तक बंगाल की राजनीति में लड़ती रहेगी और 2031 में हर हिसाब चुकता करेगी।’

वर्ष 2014 से लोकसभा में डायमंड हार्बर का प्रतिनिधित्व कर रहे अभिषेक बनर्जी के लिए यह सीट लंबे समय से उनका राजनीतिक गढ़ मानी जाती है।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में