शुभेंदु ने कॉजपा स्वयंसेवक पर हमले एवं उसके पिता की मौत में भाजपा की भूमिका से किया इनकार

Ads

शुभेंदु ने कॉजपा स्वयंसेवक पर हमले एवं उसके पिता की मौत में भाजपा की भूमिका से किया इनकार

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 06:02 PM IST

कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को इस आरोप को खारिज कर दिया कि जिस हमले की वजह से कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के स्वयंसेवक शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब माफिक की जान चली गयी, उसमें भाजपा के लोग शामिल थे।

उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में नामजद लोग अपराधी हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कॉजपा के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने के बाद 25 साल के हफीज पर कथित तौर पर हमला किया गया था।

कॉजपा के एक बयान के मुताबिक, परिवार के आवास पर हुए इस कथित हमले के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से शनिवार को माफिक की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में पत्रकारों से कहा, ‘‘जिन पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी दो को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इसमें भाजपा का कोई संबंध नहीं है। वे सभी अपराधी हैं। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।’’

यह घटना बांकुड़ा जिले के कारिसुंडा इलाके में हुई। हफीज ने 13 अगस्त को अपने गांव के सरकारी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की हालत का जायजा लेने के लिए देशव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में हिस्सा लिया था।

कॉजपा ने आरोप लगाया कि उसी शाम बाद में हथियारबंद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता जबरदस्ती हफीज के घर में घुस गए।

कॉजपा के बयान के मुताबिक, हफीज ने एक वीडियो में आरोप लगाया कि एक स्कूल अध्यापक ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उसके द्वारा किये गए निरीक्षण के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद यह हमला हुआ।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप