ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइन के विमान के इंजन में आई खराबी, उड़ान भरने से रोका गया

Ads

ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइन के विमान के इंजन में आई खराबी, उड़ान भरने से रोका गया

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 04:55 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे से ज्यूरिख जाने के लिए निर्धारित ‘स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन’ के एक विमान को उड़ान भरने के दौरान आई तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया, जिसके बाद पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर रनवे पर ही यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एक सूत्र ने बताया कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि विमानन कंपनी का कहना है कि छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।

यात्रियों को चोट कैसे लगी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

पंजीकरण संख्या एचबी-जेएचके वाले ए330-300 विमान में संचालित एलएक्स147 उड़ान को रात करीब एक बजे रवाना होना था, जिसमें चार शिशु समेत 232 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।

सूत्रों के अनुसार, विमान के मुख्य पहिये की बाईं ओर से धुआं उठता देखा गया। शुरुआत में ‘लैंडिंग गियर’ से धुआं निकलने की जानकारी सामने आई थी।

दिल्ली हवाई अड्डा का संचालन संभालने वाली कंपनी ‘डीआईएएल’ ने कहा कि इस घटना से हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।

प्रवक्ता ने कहा, “भारतीय समयानुसार शनिवार रात एक बजे के आसपास उड़ान भरने के दौरान इंजन में समस्या आई। चालक दल ने विमान को उड़ान भरने से रोक दिया और स्थिति का आकलन करने के बाद एहतियातन विमान खाली कराने का निर्णय लिया।”

उन्होंने बताया कि छह यात्री चिकित्सीय देखभाल में हैं, जबकि चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

सूत्रों ने बताया कि निकासी के दौरान कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

उन्होंने बताया, “सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ‘इमरजेंसी स्लाइड’ के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। जो यात्री स्लाइड का इस्तेमाल करने में असमर्थ थे, उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।”

सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) से पूर्ण आपातकाल और टायर फटने की सूचना मिली थी। ‘एयरसाइड’ टीम की जांच में पुष्टि हुई कि उड़ान भरने से रोके जाने के दौरान विमान के मुख्य पहिये की बाईं ओर से धुआं निकला था।

डीआईएएल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि रविवार तड़के रनवे 28/10 पर उड़ान एलएक्स147 के लिए पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई।

इसने कहा, ‘‘सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू किए गए और यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।’’

उन्होंने यह भी बताया कि स्विट्जरलैंड के तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विमान की जांच के लिए दिल्ली आएगी, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी स्थिति सभी के लिए तनावपूर्ण होती है। हमारी स्थानीय टीम यात्रियों से सीधे संपर्क में हैं। हम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

प्रवक्ता ने बताया कि विमानन कंपनी सभी यात्रियों के लिए आगे की यात्रा की शीघ्र और उपयुक्त वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटी है।

भाषा

खारी दिलीप

दिलीप