त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें: हेमंत सोरेन
त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें: हेमंत सोरेन
रांची, 19 मार्च (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का बृहस्पतिवार को निर्देश दिया।
सोरेन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएं।
इस दौरान सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली, जल आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा, “त्योहारों के नाम पर किसी भी प्रकार की अशांति, हिंसा या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहना चाहिए तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।”
सोरेन ने अधिकारियों को धार्मिक शोभायात्राओं के दौरान गतिविधियों का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उन्होंने अफवाहों के मद्देनजर सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सोरेन ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जुलूसों के दौरान कोई भी भड़काऊ गीत न बजाया जाए एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


