चेन्नई, 27 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की यह टीवीके प्रमुख विजय की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
विजय की यात्रा का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बैठक शाम साढ़े चार बजे प्रस्तावित है, जिसमें विजय राज्य की लंबित मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपेंगे।
बताया जा रहा है कि मांगपत्र में कल्याणकारी और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता, विकास परियोजनाओं को मंजूरी तथा मेकेदातु जल विवाद के समाधान जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री राज्य में जारी विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग की मांग को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी चर्चा कर सकते हैं।
इसके अलावा, विजय की कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मुलाकात करने की संभावना भी है।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन