तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मेकेदातु बांध मुद्दे पर बैठक की अध्यक्षता की

Ads

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मेकेदातु बांध मुद्दे पर बैठक की अध्यक्षता की

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 08:07 PM IST

चेन्नई, 20 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को मेकेदातु बांध मुद्दे पर कानूनी विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श के लिए एक बैठक की।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, सचिवालय में एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए विजय ने शीर्ष अधिकारियों के साथ इस बात पर चर्चा की कि आगे क्या कदम उठाए जाएं, क्योंकि “कर्नाटक ने तमिलनाडु के लिये कावेरी का पानी नहीं छोड़ा है”।

मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के मेकेदातु बांध प्रस्ताव और उस पहल को रोकने के लिए राज्य द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर कावेरी तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिकारियों और कानूनी विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।

तमिलनाडु ने कर्नाटक के उस कदम का विरोध किया है जिसके तहत वह राज्य में कावेरी नदी पर मेकेदातु में एक जलाशय बनाना चाहता है; तमिलनाडु का कहना है कि इससे उसके हितों को नुकसान पहुंचेगा।

इस बैठक में मुख्य सचिव एम. साई कुमार, जल संसाधन मंत्री एन. आनंद, लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन, कानून मंत्री आर. निर्मल कुमार, एडवोकेट जनरल विजय नारायण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश