तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन परिसीमन के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं: पलानीस्वामी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन परिसीमन के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं: पलानीस्वामी
कोयंबटूर, 16 अप्रैल (भाषा) केंद्र द्वारा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से तमिलनाडु के प्रभावित होने के बारे में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के दावों को खारिज करते हुए, अन्नाद्रमुक महासचिव ए के पलानीस्वामी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री एम के स्टालिन विधेयक के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं।
पलानीस्वामी ने यहां एक चुनावी रैली के दौरान कहा, ‘‘स्टालिन को 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में हार का डर है और इसलिए वह निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन प्रस्ताव के बारे में गलत सूचना फैला रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार पहले ही आश्वासन दे चुकी है कि तमिलनाडु इससे प्रभावित नहीं होगा और सभी राज्यों के लिए परिसीमन निष्पक्ष रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘वह (स्टालिन) केंद्र सरकार को श्रेय मिलने से रोकने के लिए महिलाओं के वास्ते 33 प्रतिशत आरक्षण का विरोध करते हैं।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की टिप्पणियों पर पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘उन्होंने मेरे बयानों की आलोचना की। वर्षों तक केंद्रीय मंत्री रहने के बावजूद उन्होंने तमिलनाडु के लिए क्या किया है?’’
चुनाव वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए स्टालिन की आलोचना करते हुए, पलानीस्वामी ने दावा किया कि द्रमुक शासन के दौरान आवश्यक वस्तुओं, बिजली और करों की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने कहा, ‘‘बढ़ते अपराध और मादक पदार्थों की समस्याओं के अलावा, बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाएं ठप हो गई हैं, और सरकारी कर्मचारियों और जनता को गुमराह किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि स्टालिन ‘‘दिल्ली बनाम तमिलनाडु’’ की बात कर रहे हैं, जबकि यह एक राज्य का चुनाव है। उन्होंने पूछा, ‘‘वे यहां दिल्ली को क्यों घसीट रहे हैं?’’
पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘जब राजग बना था, तब अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) ने स्पष्ट रूप से कहा था कि अन्नाद्रमुक नेतृत्व करेगी और पलानीस्वामी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। तो फिर दिल्ली के साथ टकराव की बात क्यों करें?’’
अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 अप्रैल को कोयंबटूर का दौरा करेंगे। उन्होंने दावा किया, ‘‘उनकी बात सुनो। एक मजबूत भारत और समृद्ध तमिलनाडु का निर्माण होगा।’’
पलानीस्वामी ने कहा कि अगर अन्नाद्रमुक सत्ता में आती है, तो ‘अम्मा मिनी क्लीनिक’ और कैंटीन फिर से खोले जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव में आकर अन्नाद्रमुक सदस्यों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता में वापस आने पर हम इन मामलों को फिर से खोलेंगे और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’
भाषा
देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


